प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दुकान बंद कराने की मांग की।
- फोटो : अमर उजाला
पिपरा कनक। समऊर बाजार में खोली गई अंग्रेजी शराब की दुकान को अवैध बताते हुए कुछ लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि नई दुकान के लिए न तो टेंडर निकाला गया और न लाटरी कराई गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दुकान बंद कराने की मांग की। इसके बाद लोगों ने कमिश्नर को पत्र भेजा।
समऊर बाजार के जितेंद्र मद्धेशिया, शंकर यादव, चंद्रभान गुप्ता, राजेश गुप्ता, विनोद, हरिलाल, हरिशरण सहित कई लोग एकत्र हुए और आबकारी विभाग के खिलाफ नारे लगाने लगे। इनका कहना था कि बाजार में बिना टेंडर या लाटरी के अंग्रेजी शराब की दुकान खोल दी गई है, जो पूरी तरह अवैध है। प्रदर्शन कर रहे लोगों की अगुवाई पूर्व ग्राम प्रधान गोपाल गुप्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने में आबकारी विभाग ने नियम की अवहेलना की है। यदि एक सप्ताह के अंदर इस दुकान को बंद नहीं किया गया तो धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी ओपी सिंह का कहना था कि बिना टेंडर और उसके प्रकाशन के शराब की कोई दुकान नहीं खोली जा सकती। समऊर बाजार में खोली गई दुकान पहले मुजहना में संचालित होती थी। घाटे में होने के कारण बंद थी, इसलिए उसे समऊर बाजार में स्थानांतरित किया गया है।