जलनिकासी और साफ-सफाई की मांग को लेकर प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन की जानकारी होने पर हाईवे प्रशासन की ओर से हुई साफ-सफाई
अमर उजाला ब्यूरो
पटहेरवा(कुशीनगर)। पटहेरिया चौराहे के पास फोरलेन के उत्तरी सर्विस लेन पर जलभराव और चारों तरफ फैले कीचड़ से नाराज स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया। लोगों के विरोध प्रदर्शन की जानकारी होने पर एनएचएआई प्रशासन ने सर्विस लेन पर साफ-सफाई कार्य शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
पटहेरिया के पास सर्विस लेन पर बीते कई दिनों से जलजमाव होने से नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना था कि सड़क के किनारे बनी नालियां जाम हो गई हैं। जल निकासी नहीं होने से सड़क पर जलभराव है। कीचड़ से उठती दुर्गंध से लोग परेशान हैं जिससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। इसके अलावा व्यवसायियों और राहगीरों को परेशानी होती है। इस मामले में कार्रवाई के लिए हाईवे प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां लोगों की तरफ से प्रदर्शन की जानकारी होने पर एनएचएआई प्रशासन की तरफ से वहां सफाई कर्मी भेज कर साफ-सफाई का कार्य शुरू किया गया।
इस दौरान नंदलाल गुप्ता विद्रोही, बिजली प्रसाद यादव, डॉ. निजामुद्दीन, श्रीराम गुप्ता, शंकर गुप्ता, भृगुनाथ सिंह, लाडले अहमद, अनिल गुप्ता, जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता, गौरव कुमार, संजय तिवार, अब्दुल मजीद, सुरेंद्र कुशवाहा, देवेंद्र गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, आशीष कुमार आदि उपस्थित रहे।