ढाई गुना भाड़ा देकर टेंपो से सफर करने को लोग मजबूर
तमकुहीरोड। अग्निपथ योजना के उग्र विरोध को देखते हुए कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर मंगलवार को पांचवें दिन भी ट्रेनों का संचालन ठप रहा। इसके चलते गोरखपुर और गोपालगंज जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग ढाई गुना भाड़ा देकर टेंपो से सफर कर रहे हैं।
अग्निपथ योजना के विरोध और रेलवे स्टेशनों पर होने वाले हंगामे को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने थावे-कप्तानगंज रेलमार्ग से नियमित चलने वाली छपरा कचहरी-गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन, गोरखपुर-पाटलीपुत्र मेल ट्रेन, कप्तानगंज-छपरा कचहरी पैसेंजर ट्रेन और सीवान-गोरखपुर डेमू पैसेंजर ट्रेन की आवाजाही पर रोक लगा दी है। मंगलवार को पांचवें दिन भी इस रूट के तमकुहीरोड, तरयासुजान, तीनफेडिया, जलालपुर, सिपाया, गौरी श्रीराम, दुदही समेत अन्य स्टेशनों पर सन्नाटा पसरा रहा।
इसका खामियाजा अब यात्रियों को भुगतना पड़ रहा। ट्रेन न चलने से लोगों को गोरखपुर जाने के लिए 114 रुपये तो गोपालगंज जाने के 80 रुपया किराया चुकाना पड़ है। कस्बा के व्यवसायी मायाशंकर निर्गुणायत ने कहा कि सामान्य दिन में प्रतिदिन सैकड़ों यात्री यात्रा करते हैं। ट्रेन न चलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र के शाकिर अली, राजेश यादव, अभिषेक शुक्ल, राहुल सोनी, विकास वर्मा आदि का कहना है कि यदि शीघ्र ट्रेनों का संचालन बहाल नहीं हुआ तो यात्रियों की परेशानी ज्यादा बढ़ सकती है।