कसया नगर में संचालित मेडिकल स्टोर पर ग्राहको व दुकानदारो द्वारा नही हो रहा सोशल डिस्टेंस का पालन
- फोटो : KUSHINAGAR
लापरवाही के कारण तेजी से संक्रमण की चपेट में आ रहे लोग
कप्तानगंज और पडरौना में दवा की दुकान पर काम करने वाले हो चुके हैं संक्रमित
फिर भी दुकानों पर जुट रही है भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। आम जनता की दिक्कतों के मद्देनजर लॉकडाउन में भी दवा की दुकानों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा परंतु इन दुकानों पर बरती जा रही लापरवाही न सिर्फ दुकानदारों को खतरे में डाल रही है बल्कि आम लोगों में भी संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से दवा की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की अपील की है।
जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अब तक 437 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। पडरौना, सेवरही व कप्तानगंज कस्बे को दोबारा लॉक किया गया है। बीमारी से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क पहनने को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। सबसे अधिक लापरवाही दवा की दुकानों पर ही हो रही है। इसका खामियाजा भी सामने आने लगा है। कप्तानगंज के एक मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले पांच कर्मचारी एक साथ संक्रमित हो गए थे। पडरौना नगर में भी एक दवा विक्रेता का पूरा परिवार ही संक्रमित हो गया है। इसके बावजूद न तो दवा विक्रेता दुकान संचालित करने के दौरान सतर्कता बरत रहे हैं और न ही दवा लेने पहुंच रहे लोग ही इसका ध्यान रख रहे हैं।
इसी तरह सब्जी, फल व खाद्य सामग्री की दुकानों पर भी भीड़ संक्रमण को आमंत्रण दे रही है। अगर अभी लोग सतर्क नहीं हुए तो स्थिति बिगड़ते देर नहीं लगेगी। इस संबंध में डीएम भूपेंद्र एस चौधरी का कहना है कि दवा आवश्यक सेवाओं में है। यहां से अगर संक्रमण फैला तो बड़ी दिक्कत आएगी। इसलिए सभी लोगों से बार-बार अपील की जा रही है कि दुकान पर सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखें। दवा विक्रेता भी नियमों का पालन करें। लापरवाही बरतने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी।