हिरण्यवती नदी में नौकायन का मजा लेते लोग।संवाद
- फोटो : रमुआपुर गांव में एलटी लाइन पर हाईटेंशन तार गिरने से जलता केबल।
पकवा इनार। बौद्ध कालीन हिरण्यवती नदी में बारिश के बाद जल प्रवाह बढ़ गया है। इसके चलते कुशीनगर स्थित रामाभार स्तूप के पास स्थित बुद्धा घाट पर पहुंचने वाले नौकायन का लुत्फ उठा रहे हैं। उन्हें यहां का चिल्ड्रेन पार्क, रामाभार पार्क, जीवक उपवन व आनंद उपवन भी लुभा रहा है। हालांकि हिरण्यवती नदी में गर्मी के मौसम में पानी सूख जाता है।
वर्ष भर नदी में जलस्तर बनाकर सदानीरा के लिए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने एडीएम के नेतृत्व में टास्क फोर्स का गठन कर दिया है। सफाई और जल प्रवाह बना रहे इसके लिए दिसंबर 2025 तक समय भी निर्धारित किया गया है। वर्तमान में हिरण्यवती नदी में जल प्रवाह तेज हुआ तो बुद्धा घाट पर आइए कुशीनगर नौका विहार का मजा लीजिए... गूंज रहा है।
यह गूंज व नदी में नौकायन के लिए आने वाले लोगों को आकर्षित कर रहा है। यहां पहुंचने वाले युवक-युवतियां जल प्रवाह के बीच नौकायन का लुत्फ उठा रहे हैं। नदी के सुंदरीकरण के लिए बुद्धा घाट से रामाभार पुल तक पाथवे, टूरिस्ट शेल्टर सहित अन्य निर्माण 23 करोड़ से अधिक लागत से पर्यटन विभाग करा रहा है।
वहीं, बीते अगस्त महीने में जिला प्रशासन ने नदी के जीर्णोद्धार, जल प्रवाह व स्वच्छता को लेकर टास्क फोर्स का गठन करने व सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया है। दिसंबर 2025 तक यह सब सुनिश्चित करने के लिए समय दिया गया है। नदी में मोटर बोट चालक चांद ने बताया कि नदी में जलस्तर बढ़ने से बोट संचालन में सहूलियत हुई है।
अवकाश व रविवार को अन्य दिवसों की अपेक्षा लोगों की अधिक भीड़ हो रही है। नौकायन की तरफ लोगों का आकर्षण बढ़ा है। वर्ष भर नदी में जल स्तर बनाए रखने के लिए प्रबंध होना चाहिए। इससे यहां का आकर्षण जुड़ा हुआ है।
इसके अलावा बुद्धा घाट पर आनंद उपवन में मिक्की माउस, जीवक उपवन में आई लव कुशीनगर, चिल्ड्रेन पार्क में झूला व रामाभार पार्क में ओपन जिम व पेड़ पौधों की हरियाली व फूलों की खुश्बू का भी आनंद ले रहे हैं। नौकायन के दौरान नदी के दोनों तटों पर पानी के थपेडों की थप-थप की आवाज व उठ रहे गर्त-श्रृंग आकर्षण बढ़ा रहे हैं।