संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। छठ घाटों की साफ-सफाई व वेदियों का निर्माण व रंग-रोगन का कार्य शुरू हो गया है।
नगर क्षेत्र में इसकी जिम्मेदारी नगर पंचायत अध्यक्ष की देखरेख में की जा रही है तो ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधान अपनी पंचायतों में व्यवस्था कराने में जुटे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस विभाग के जिम्मेदार भी अपने स्तर से व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे हैं। त्योहार को लेकर बाजारों में भी भीड़ उमड़ रही है।
शुक्रवार को सुबह से पूरे दिन नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने नगर क्षेत्र के बसंतपुर धूसी छठ घाट, गंगाधर बाबा मंदिर के पास छठ घाट, पचफेड़ा छठ घाट, कनकपुरा छठ घाट, कैथौली छठ घाट आदि छठ वेदियों की रंगाई-पोताई व घाटों की साफ-सफाई में जुटे रहे।
घाट के किनारे घास की सफाई, भूमि का समतलीकरण, छठ घाट पर टेंड व प्रकाश की व्यवस्था कराई। सड़क के किनारे चूना गिराने का कार्य करते रहे। इसके अलावा रामपुर खास, द्वारिका वृंदावन, सोनहुला रामनगर, सरैनी, बसंतपुर, सिसवा, भरौटा आदि गावों में पूजा समितियों ने छठ घाट पर महिलाओं के बैठने की व्यवस्था की है।