पडरौना। महाशिवरात्रि और रमजान जैसे पवित्र त्योहारों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें सीओ, थानाध्यक्ष, पीस कमेटी के सदस्य, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
इस दौरान त्योहारों के दौरान शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अफवाह या उकसावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों, जुलूसों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सभी पक्षों से सद्भाव बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले की पुलिस सभी धर्मों के प्रति पूर्ण सम्मान और निष्पक्षता के साथ कार्य कर रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आमजन से अपील की गई कि पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना या कंट्रोल रूम को दें।