गोदाम में रखा 78 बोरा सरकारी अनाज पकड़ा गया
पडरौना। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे एसडीएम पडरौना ने साखोपार स्थित एक व्यापारी के गोदाम में 78 बोरी सरकारी अनाज पकड़ा। यह अनाज एफसीआई के अर्जुनहा स्थित गोदाम से इक्का-दुक्का करके मंगाया गया था। एसडीएम ने गोदाम सील कराते हुए पकड़े गए अनाज को सप्लाई इंस्पेक्टर कसया व एसएमआई पडरौना के सुपुर्द किया है। इसके अलावा दो लोगों को पूछताछ के लिए कसया थाने भेजा गया है।
एसडीएम सदर रामकेश यादव ने बताया कि कई दिन से एफसीआई गोदाम के आसपास के कुछ लोगों से पीडीएस के राशन में हेराफेरी की सूचना मिल रही थी। बृहस्पतिवार की शाम को वह लेखपाल योगेंद्र गुप्ता के साथ अर्जुनहा पहुंचे। वहां कुछ देर बाद ही एक बाइक से युवक अनाज की बोरी लेकर जाते दिखा। गोदाम की तरफ से बाइक से सरकारी बोरे में अनाज लेकर जाने पर शंका हुई तो उसका पीछा किया गया। साखोपार के पास आभास होते ही बाइक सवार गाड़ी छोड़कर भागने लगा तो उसे दौड़ाकर पकड़ा गया। अनाज के विषय में पूछताछ करने पर उसने व्यापारी के गोदाम का पता बताया। वहां जाकर देखा गया तो सरकारी बोरे में काफी मात्रा में अनाज पड़ा मिला। इसके बाद बाइक सवार व व्यापारी को कसया पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसकी जानकारी होने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया पूर्ण वोहरा भी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि पूछताछ में पता लगा है कि ये लोग एसएमआई गोदाम पर अनाज लेकर जाने वाले ट्रकों से एक-दो बोरी अनाज सस्ते दर पर खरीद लेते हैं। अपने गोदाम में एकत्रित करने के बाद बोरा बदलकर इसे व्यापारी का माल बना देते हैं। ट्रक में एकाध बोरी कम मिलने पर किसी को शंका भी नहीं होती है।