कोरोना से एक की मौत, 22 प्रशिक्षु कांस्टेबल समेत 50 मिले संक्रमित
पडरौना। बृहस्पतिवार को कोरोना से एक और मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है। 22 प्रशिक्षु कांस्टेबल सहित 50 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इस तरह अब तक कुल 5364 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 12 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ मिले। कुल 5094 मरीज अब तक स्वस्थ भी हुए हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को 1376 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 1326 निगेटिव और 50 पॉजिटिव केस हैं। इनमें पडरौना क्षेत्र से 41, कप्तानगंज से दो, हाटा से दो, मोतीचक से एक, कसया से एक और अन्य क्षेत्रों से तीन लोग शामिल हैं। इस तरह अब तक कराई गई 180630 लोगों की जांच में 5364 लोग संक्रमित मिले हैं। 12 मरीज जांच में स्वस्थ मिले। इन्हें लेकर कुल 5094 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है, जबकि 214 लोग अभी भी इस बीमारी से जूझ रहे हैं। मौजूदा समय में जिले में कोरोना का संक्रमण दर 2.96 प्रतिशत, स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर 95.44 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.04 प्रतिशत है।
एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के लिए दूसरे जनपदों से प्रशिक्षु कांस्टेबल आए हैं। इन सभी की कोरोना जांच कराई गई थी। 22 और प्रशिक्षु पॉजिटिव मिले हैं। इस तरह अब तक कुल 72 प्रशिक्षु कांस्टेबल कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं, जिनमें 22 स्वस्थ हो चुके हैं, लेकिन 50 का इलाज अभी भी स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में इलाज चल रहा है।