पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना में मनमानी चल रही है। मस्टररोल में मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर कागज में कार्य दिखाकर भुगतान लेने का मामला प्रकाश में आया है। बीडीओ ने सचिव, तकनीकी सहायक और मेट के खिलाफ पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
ग्राम पंचायत सरगटिया में पोखरे की खुदाई कार्य के लिए 50 मजदूरों का मस्टररोल चल रहा था। कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने 29 मई को एपीओ अरविन्द कुशवाहा पहुंचे। जहां मौके पर एक भी मजदूर नहीं मिले और नहीं कार्य होता दिखा। जिसकी रिपोर्ट बीडीओ को देकर स्थिति से अवगत कराया। बीडीओ रामखेलावन राम ने बगैर कार्य कराये पूर्ण हुए 80 रुपये भुगतान करने को लेकर ग्राम सचिव प्रवीण सिंह, तकनीकी सहायक अजय कुमार उपाध्याय और महिला मेठ को पत्र जारी करते हुए दो दिवस के अंदर स्पष्टीकरण देने का फरमान जारी किया है। उन्होंने चेताया है कि समयावधि के अंदर स्पष्टीकरण न देने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति उच्चाधिकारियों से कर दी जाएगी। वहीं ग्राम प्रधान अरविंद शर्मा ने आरोप लगाया है कि जांच वाले दिन कार्य कर रहे मजदूर नाश्ता करने चले गए थे। मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना करने के लिए जांच कराई जा रही हैं। तालाब खुदाई का कार्य कराया जा रहा है।