हाटा। नगर में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के संचालित एक पैथोलॉजी सेंटर को सील कर दिया। कार्रवाई डिप्टी सीएमओ डॉ. अवधेश कुशवाहा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने की।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभि पैथोलॉजी सेंटर पहुंचकर आवश्यक अभिलेखों और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान संचालक पैथोलॉजी के संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम के अनुसार, सेंटर का संचालन बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के किया जा रहा था। अनियमितता मिलने पर टीम ने तत्काल सेंटर को सील कर दिया।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम के नगर में पहुंचने की भनक लगते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के आसपास संचालित कई पैथोलॉजी सेंटरों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की सूचना फैलते ही कई संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए। इससे क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे अन्य पैथोलॉजी सेंटरों को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. अवधेश कुशवाहा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को हाटा नगर में एक पैथोलॉजी सेंटर को सील किया गया है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।