तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर संचालित दो नियमित सवारी निरस्त कर दी गई है। इसके चलते बुधवार को तमकुहीरोड स्टेशन पर मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान करने आने वाले लोगों को ट्रेन पर चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की करनी पड़ी। इसके बाद भी कई यात्रियों की ट्रेन छूट गया। यात्रियों का कहना था कि इस रूट पर संचालित दो नियमित ट्रेन निरस्त होने और एक ट्रेन का फेरा घटा देने से इस तरह की परेशानी उठानी पड़ी।
क्षेत्र से गुजरी बांसी व गंडक नदी में मौनी अमावस्या पर स्नान करने के लिए बिहार के थावे, नरकटिया बाजार, सासामुसा, सिपाया, जलालपुर, तीनफेड़ीया, तरयासुजान और यूपी के गौरी श्रीराम, दुदही, कठकुइयां समेत अन्य कई जगहों से श्रद्धालु आते हैं। मौनी अमावस्या पर सुबह स्नान करने में कोई परेशानी न हो इसके लिए मंगलवार की शाम को ही नदी घाट पर पहुंच गए थे। स्नान के बाद बुधवार को श्रद्धालु घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो वहां भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। वहां जब भी कोई ट्रेन पहुंचती तो धक्का-मुक्की कर किसी तरह लोग ट्रेन में चढ़ते। ट्रेन में अधिक भीड़ होने के नाते कई लोगों ने ट्रेन छोड़ दी। बाद में दूसरी ट्रेन या प्राइवेट वाहनों से रवाना हुए।