विधान सभा चुनाव के लिए पर्चा दाखिला करने आ रहे उम्मीदवारों के साथ की भीड़ और सड़कों पर खड़ी बेतरतीब गाड़ियों के वजह से शुक्रवार को पडरौना की सभी प्रमुख सड़कों पर पूरे दिन रुक-रुक कर जाम लगता रहा। इससे आने-जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मरीजों को लेकर आने वाले एंबुलेंस भी जाम में फंस गए थे।
जिले में विधान सभा चुनाव के लिए हो रहे पर्चा दाखिला के चौथे दिन विभिन्न उम्मीदवारों को समर्थकों के जिला मुख्यालय आने के नाते सड़कों पर भीड़ बढ़ी हुई थी। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ ठेला, बाइक से लेकर भारी वाहन तक खड़ा किए गए थे। इसके चलते छावनी, सुभाष चौक, रामकोला रोड आदि सड़कों पर दिन भर रुक -रुक कर जाम लगता रहा। इन मुख्य सड़कों पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक यही स्थिति बनी रही। पुलिस फोर्स के जिला मुख्यालय पर होने के नाते पडरौना शहर में लगे जाम से निजात नहीं मिल पा रही थी। लोग खुद ही गाड़ियों को आगे-पीछे करते हुए निकल रहे थे।