पडरौना/कप्तानगंज। अमृत भारत योजना के तहत जिले के चयनित पडरौना और कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पडरौना रेलवे स्टेशन पर चल रहा निर्माण कार्य करीब 50 प्रतिशत पूरा हो गया है।
शेष निर्माण कार्य बजट के दूसरे किस्त के इंतजार में रूका पड़ा है। इसी तरह कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य भी 85 प्रतिशत पूरा होगा चुका है। निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद स्टेशन के गेट पर बुद्ध की प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन भवन और अन्य दीवारों पर महात्मा बुद्ध के उपदेश लिखे जाएंगे। जिससे ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को स्टेशन पर बुद्ध के दर्शन के साथ उनके बारे में परिचित हो सकेंगे। पडरौना रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत मिल 4.46 करोड़ रुपये की लागत से फेज-ए और फेज सी का कार्य पूरा हो चुका है। इसमें भवन के अलावा रेलवे स्टेशन परिसर में होने वाले अन्य निर्माण कार्य पूरा लिए गए हैं। पेज-सी में होने वाले निर्माण के लिए द्वितीय चरण के तहत मिलने वाले करीब 10 करोड़ रुपये की धनराशि की मांग की जा चुकी है।
अमृत भारत योजना के तहत मिली धनराशि से पडरौना स्टेशन के नए स्टेशन भवन का निर्माण कुशीनगर के आर्किटेक्चर को ध्यान में रखते हुए गौतम बुद्ध की प्रतिमा के साथ किया जा रहा है। प्लेटफार्म को अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। ट्रेन से आने वाले सैलानियों के विश्राम के लिए यात्री प्रतीक्षालय एवं वीआईपी लाउंज का निर्माण किया जाएगा। बौद्ध आर्किटेक्चर के हिसाब से स्टेशन का सुंदरीकरण और सामान्य यात्री हॉल भी विकसित किया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए बुकिंग काउंटर, पार्सल/मॉल कार्यालय का पुनर्विकास की योजनाएं भी स्वीकृत हुई हैं। स्टेशन पर होने वाले निर्माण कार्यों में से करीब 50 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। भवन निर्माण के बाद उसका सुंदरीकरण का कार्य होगा।
इसी तरह अमृत भारत योजना के तहत 20.73 करोड़ रुपये की लागत से कप्तानगंज रेलवे जंक्शन पर यात्रियों के लिए हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कप्तानगंज रेलवे स्टेशन एक नए कलेवर में नजर आएगा। कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से तीन नए रेलवे जंक्शन जुड़ेंगे। इसके चलते कप्तानगंज की उपयोगिता बढ़ेगी।
गोरखपुर-नरकटियागंज की दूसरी लाइन बिछाने का काम चल रहा है। रेलवे लाइन बिछाने का कार्य वर्ष 2027 के अंत तक पूरा होने की संभावना है। कप्तानगंज रेलवे स्टेशन को हाईटेक सुविधाओं से लैस करने के लिए अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफार्म, पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्म नंबर दो पर सेड, सड़क सहित अन्य कार्य तेजी से चल रहा है।
इन निर्माण कार्यों को पूरा होने के बाद यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर अच्छी सुविधा उपलब्ध होगी। निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद यहां भी स्टेशन गेट पर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके अलावा स्टेशन भवन और अन्य दीवारों पर महात्मा बुद्ध के उपदेश उकेरे जाएंगे।