बारिश में तालाब बन जाता है पडरौना का बस स्टेशन
- परिसर में पानी लगे होने से सड़कों पर बसें भरतीं हैं सवारियां
- सड़क पर बसों के खड़ा किए जाने से सुभाष चौक पर लगता है जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शहर का बस स्टेशन बारिश होते ही तालाब बन जाता है। वजह यह कि स्टेशन परिसर काफी नीचे है और जलनिकासी का कोई प्रबंध नहीं है। इसके जीर्णोद्घार के लिए लोग प्रदेश के परिवहन मंत्री तक को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन इसकी सुधि नहीं ली गई। एक सप्ताह से परिसर में पानी भरा है, जिसके चलते लोगों को सड़क पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
वर्ष 2011 में तत्कालीन बसपा की सरकार में पडरौना डिपो की घोषणा हुई थी। तब से यहां परिवहन निगम की 21 और अनुबंधित 14 बसें संचालित होती है। इसके अलावा अन्य करीब दो सौ बसें पडरौना तक आती हैं। पडरौना डिपो की तरफ से संचालित बसों से करीब तीन हजार यात्री प्रतिदिन जिले के विभिन्न शहरों समेत प्रदेश के अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। इससे पडरौना डिपो को प्रतिदिन करीब तीन से चार लाख रुपये की आमदनी होती। इसके अलावा अन्य डिपो से यहां आने वाले बसों में भी जिले के भारी संख्या में लोग यात्रा करते हैं, जिससे परिवहन विभाग को आमदनी होती है। इतना सबकुछ होने के बाद भी पडरौना बस स्टेशन की हालत दयनीय है।
बारिश होते ही बस स्टेशन परिसर में दो से तीन फीट पानी भर जाता है। करीब एक सप्ताह से हो रही बारिश के चलते इस समय बस स्टेशन परिसर में पानी भरा हुआ है। इससे न केवल यात्रियों को सड़क पर खड़ा होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है, बल्कि बसों को भी सड़क पर रोककर सवारियां भरने की वजह से जाम लगता रहता है। इससे पडरौना नगर के रामकोला रोड, कसया रोड और कोतवाली रोड जाम के हवाले रहता है। सड़क पर खड़े बसों में चढ़ने की कोशिश में अक्सर यात्री वाहनों की चपेट में आकर घायल हो जाते हैं।
बस स्टेशन के जीर्णोद्धार की मांग अफसरों से लगायत जनप्रतिनिधियों से की गई है, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई। पडरौना शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए परिवहन मंत्री को भी नगर के लोग ज्ञापन सौंपकर बस स्टेशन को उच्चीकृत करने की मांग कर चुके हैं। इसके अलावा सदर विधायक व प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य से मिलकर भी लोग कई बार आग्रह किए, लेकिन अभी तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
00000000
धन स्वीकृत हो तो शुरू हो निर्माण कार्य
पडरौना बस स्टेशन के जीर्णोद्धार के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। शासन से स्वीकृति भी मिल गई, लेकिन धन के आवंटन में देरी हो रही है। धन आवंटित होते ही बस स्टेशन के जीर्णोद्घार का कार्य शुरू हो जाएगा।
- बिंदू प्रसाद, एआरएम रोडवेज