फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: खेतों में भीगी धान की फसल और पुआल, सरसों-आलू की बोआई पर संकट

विज्ञापन
बांसगांव क्षेत्र में गिरा धान की फसल।
विज्ञापन
लगातार दो दिन बारिश होने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल के नुकसान होने की आशंका
विज्ञापन

पडरौना। अर्नब तूफान के असर से जिले में लगातार दूसरे दिन हुई बारिश और तेज हवा ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पककर तैयार धान की फसल गिर गई है। कटाई के बाद खेतों में सूखने के लिए छोड़ी गई फसल और पुआल भी भीग गए हैं। इससे सैकड़ों एकड़ में फसल बर्बाद होने की आशंका है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत और लागत पर पानी फेर दिया है।

लक्ष्मीगंज संवाद के अनुसार क्षेत्र के लालाछपरा, धोधरही, खोटही, देवरिया बाबू, पगार, दीउलिहा, मनिया छपरा, तरकुलवा और रामपुर भाठ सहित आसपास के गांवों में शुक्रवार सुबह से हवा के साथ रिमझिम बारिश होती रही। दोपहर बाद हवा तेज होने और बारिश का सिलसिला जारी रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही और सड़कें सूनी नजर आईं। राहुल अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, अर्पित अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, गुड्डू गुप्ता, हिमांशु मद्धेशिया, रिंकू, शंभूशरण वर्मा और आकाश वर्मा ने बताया कि बारिश और हवा के चलते ठंडक बढ़ गई। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
विज्ञापन


पिपरा कनक संवाद के अनुसार क्षेत्र के बोदा टोला, गगलवा, चैनपट्टी, बसंतपुर और मंगुरी पट्टी गांव के किसानों की खेत में खड़ी धान की फसल गिर गई है। किसान सकील अहमद और फैसल रेहान का कहना है कि पूरे सीजन मेहनत और लागत लगाने के बाद फसल तैयार हुई थी। अब तेज हवा और बारिश से फसल जमीन पर गिर गई है। इससे कटाई में परेशानी होगी और दाने की गुणवत्ता के साथ पैदावार पर भी असर पड़ सकता है।
पटहेरवा संवाद के अनुसार क्षेत्र में कई किसानों खेतों में खड़ी पकी और अधपकी धान की फसल धराशायी हो गई है। किसान पप्पू राय, अरुण कुमार फौजी, ब्रजेश पांडेय, शत्रुजीत यादव, प्रभु तिवारी और जितेंद्र तिवारी ने बताया कि कुछ किसान धान की कटाई कर फसल खेत में सूखने के लिए छोड़ चुके थे। बारिश से उसके खराब होने की आशंका है। वहीं, जिन खेतों में अभी बालियां निकली थीं, वहां भी तेज हवा से फसल गिर गई है। इससे धान की उपज प्रभावित होने की चिंता है। तिलहनी फसल की खेती करने वाले किसानों को भी सरसों सहित अन्य फसलों के नुकसान का डर सता रहा है।
जोकवा बाजार संवाद के अनुसार क्षेत्र में धान के साथ गन्ने की फसल भी तेज हवा की चपेट में आई है। कई जगह तैयार फसल जमीन पर गिर गई है। किसान उत्तम तिवारी, लक्ष्मण तिवारी, नदवा के वकील सिंह, संतोष और धुनावलिया के मार्कंडेय पांडेय का कहना है कि फसल की अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। इसी से बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह और परिवार की अन्य जरूरतों का इंतजाम होना था, लेकिन मौसम ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसानों को अब सरकारी सहायता का इंतजार है।



जौरा बाजार संवाद के अनुसार क्षेत्र में भी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिन किसानों ने धान काटकर पुआल खेत में सूखने के लिए छोड़ा था, उन्हें उसके सड़ने और खराब होने का डर सता रहा है। बारिश से खेत में पड़े धान के अंकुरित होने और सही पुआल नहीं निकलने की आशंका है। वहीं, जिन किसानों ने मड़ाई करा ली है, उन्हें खेत में पड़े पुआल के सड़ने की चिंता है। दूसरी ओर सरसों और आलू की बोआई कर चुके किसानों को खेतों में पानी भरने से बीज सड़ने का भय सता रहा है। किसानों का कहना है कि खेतों में पानी जमा होने से धान के दाने अंकुरित हो सकते हैं और डंठल सड़ने से पुआल भी खराब हो सकता है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।



000000



कुछ दिन पहले ही खेत में सरसों की बोआई की थी। लगातार बारिश होने से खेत में नमी बढ़ गई है, जिससे सरसों के बीज के सड़ने और गलने की आशंका है। वहीं, धान की फसल काटकर खेत में ही छोड़ दी गई है। बारिश के कारण धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की चिंता सता रही है।



अमरजीत गुप्ता, निवासी, शिवपुर मठिया।



000000



खेत में धान की खड़ी और काट कर खेत में छोड़ी गई फसलों को नुकसान की आशंका है। गन्ने के खेतों में पानी लगने से उत्पादन प्रभावित हो सकता है। वहीं बारिश से खेत में नमी अधिक हो गई है, जिससे गेहूं की बोआई 10-15 दिन आगे टल जाएगी।
विज्ञापन




कमलेश दत्त पांडेय, निवासी, कोठी टोला, खोटहीं।



0000000



सुबह से ही बारिश हो रही है। लगातार बारिश होने के चलते दुकानों पर ग्राहक नहीं आए हैं। शाम हो गई, लेकिन अभी तक एक रुपये की बिक्री नहीं हुई है।



राजेश मद्धशिया, दुकानदार।



0000000



सुबह से ही बारिश होने के चलते देर से दुकान पहुंचा हूं। दोपहर से रात होने हैं, लेकिन अभी तक केवल 150 रुपये के सामान ही बिके हैं। थोड़ी देर और प्रतीक्षा करूंगा। शाम छह बजे के बाद दुकान बढ़ाकर घर चला जाऊंगा।



निर्मल किशोर अग्रवाल, दुकानदार।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें