कलक्ट्रेट में ज्ञापन देने जाते आउटसोर्सिंग कर्मचारी। संवाद
पडरौना। मेडिकल कॉलेज में तैनात आऊट सोर्सिंग संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट प्रभारी को सौंपा। इसमें कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पर बिना किसी नोटिस के सिक्योरिटी गार्ड, स्वीपर, एएनएम, वार्ड ब्वाय और माली पद पर तैनात 43 कर्मचारियों को हटाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने ज्ञापन में कहा कि उनकी नियुक्ति वर्ष 2016 में संयुक्त जिला अस्पताल में हुई थी। संयुक्त जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज में समायोजित होने के बाद भी वे कार्य करते रहे, लेकिन अब बिना शासन के आदेश और किसी नोटिस के ही मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य उन्हें सेवा समाप्त करने की बात कह रहे हैं।
कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें नौ से 12 हजार रुपये तक मानदेय मिलता है। इससे उनका और उनके परिवार का भरण पोषण होता है। उनकी सेवा समाप्त हो जाएगी तो उनके सामने भरण पोषण का संकट हो जाएगा। उन्होंने इसको गंभीरता से लेते हुए उनकी सेवा पहले की तरह बहाल करने की मांग की। इस दौरान रमावती, संजय प्रसाद, मनीष यादव, जमील, कुलदीप गौतम, जितेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।