पडरौना। डीएम ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर जिले के तहसीलदार और नायब तहसीलदारों का स्थानांतरण किया है। उन्होंने स्थानांतरण आदेश का पालन करते हुए तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर प्रशासकीय कार्य निपटाने के आदेश दिए हैं।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि खड्डा तहसीलदार महेश कुमार को स्थानांतरित कर तहसीलदार (न्यायिक) तमकुहीराज बनाया गया है। वहां तमकुहीराज के तहसीलदार सुनील कुमार सिंह प्रथम को स्थानांतरित कर कलक्ट्रेट मुख्यालय में संबद्ध किया गया है। उन्हें सीलिंग से संबंधित मामलों, उच्च न्यायालय एवं उच्चतर न्यायालय में लंबित वादों की पैरवी कर निस्तारण कराने के लिए संबद्ध किया गया है। वहीं खड्डा के नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार अपने मूल कार्य के साथ तहसीलदार खड्डा के रिक्त दायित्वों (धारा–67 के वादों को छोड़कर) का निस्तारण करेंगे। डीएम ने बताया कि धारा-67 से संबंधित वादों का निस्तारण करने के लिए पडरौना तहसीलदार को लिंक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए उन्हें किसी भी अतिरिक्त भत्ते का भुगतान नहीं किया जाएगा। डीएम ने कहा कि यह स्थानांतरण आदेश प्रशासनिक सुचारूता एवं राजस्व कार्यों की गति बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। उनकी तरफ से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।