मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के दांदोपुर गांव के पंचायत भवन पर मंगलवार को एक बाहरी युवक की तरफ से विकास कार्यों के धन का भुगतान करने का वीडियो व फोटो वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने एडीओ पंचायत, सचिव और ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है। जिम्मेदारों की तरफ से जवाब देने के बाद कार्रवाई तय मानी जा रही है।
शासन का निर्देश है कि पंचायत भवन पर बैठकर सचिव, ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक ही भुगतान कर सकते हैं। लेकिन गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए मंगलवार को दांदोपुर पंचायत भवन पर एक बाहरी युवक बैठकर भुगतान करते देखा गया। उसका कुर्सी पर बैठकर भुगतान करते हुए किसी ने वीडियो व फोटो बनाकर वायरल कर दिया। इसकी शिकायत भी गांव के ही किसी व्यक्ति ने किया था।
मामला संज्ञान में आया था, एडीओ पंचायत, सचिव और ग्राम प्रधान को नोटिस भेजकर तीन दिन के अंदर उनका जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- आलोक प्रियदर्शी डीपीआरओ।