शराब की दुकान खोलने का विरोध
40 किलोमीटर दूर की दुकान को नाऊमुंडा चौराहे पर स्थानांतरित करना चाहता है विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा। हाटा कोतवाली के नाऊमुंडा चौराहे पर शराब की दुकान खोले जाने का गांव के लोग विरोध कर रहे हैं। गांव के लोगों ने चौराहे पर शराब की दुकान न खोले जाने की मांग की है।
गांव के बाबूलाल, सोनू कुमार, तेज प्रताप, जोगेंदर, दिनेश कुमार, प्रियंका देवी, अरुण कुमार आदि गांववालों ने मुख्यमंत्री, डीएम सहित अन्य अधिकारियों को पत्र भेजा है। इन लोगों ने बताया कि आबकारी विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर नरसर चौराहे की दुकान को इस समय नाऊमुंडा गांव के चौराहे पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। यह विभागीय नियम के विरुद्ध है। गांव के लोगों का कहना है कि नई सृजित की गई दुकानों की लॉटरी वित्तीय वर्ष शुरू होने के समय की जाती है। लेकिन मध्यम वित्तीय वर्ष में इतनी दूर से दुकान भेजना गलत है। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि दुकान के राजस्व में कमी होने पर दुकानों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। हालांकि, नरसर की दुकान अभी स्थानांतरित नहीं की गई है।