मेडिकल कॉलेज के न्यू वेल्डिंग में ओटो शुरू। संवाद
पडरौना। मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग का एक ऑपरेशन थिएटर (ओटी) मंगलवार को शुरू हो गया। पहले दिन कार्यवाहक प्राचार्य और सीएमएस की मौजूदगी में डॉक्टरों की टीम ने तीन मरीजों का ऑपरेशन किया। नई बिल्डिंग के वार्डों में बेड-टू-बेड ऑक्सीजन की सप्लाई भी चालू हो गई है। अब मरीजों को बेड के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा और काफी हद तक सहूलियत मिलेगी। पुरानी बिल्डिंग से ओटी की व्यवस्था अब नई बिल्डिंग में शिफ्ट की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग करीब एक साल पूर्व तैयार हो गई और हैंडओवर भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को कर दिया गया। फिनिशिंग का काम अधूरा होने से सिर्फ ओपीडी शिफ्ट हुआ, बाकी व्यवस्था पुरानी बिल्डिंग में ही संचालित होती रही। मेडिकल कॉलेज के नाम पर मरीजों की भीड़ बढ़ने पर संसाधन व सुविधाएं कम पड़ जा रही थीं।
ऑक्सीजन की सप्लाई नई बिल्डिंग में शुरू कराने के बाद मंगलवार को ओटी का संचालन शुरू हो गया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सुभाष गुप्ता ने बताया कि पुरानी बिल्डिंग से ओटी की व्यवस्था नई बिल्डिंग में लाया जाएगा। अब मरीजों को ऑपरेशन के बाद नई बिल्डिंग में ही रखा जाएगा। बाकी सुविधाएं बढ़ाने के लिए काम चल रहा है। जल्द ही इमरजेंसी और अन्य जरूरी विभाग को नई बिल्डिंग में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए कार्य चल रहा है।।