पडरौना। कृषि विभाग ने ढैंचा, धान, उड़द, मूंग, अरहर, तिल और श्री अन्न जैसी फसलों के लिए अनुदानित बीज एवं निशुल्क मिनी किट वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए 22 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने बताया कि कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश (बीज एवं प्रक्षेत्र), लखनऊ के निर्देश पर यह योजना संचालित की जा रही है। इच्छुक एवं पात्र किसान कृषि विभाग के पोर्टल http://agriculture.up.gov.in/ पर पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले किसानों में से पात्र लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। चयनित किसानों को पीओएस मशीन के जरिए बीज उपलब्ध कराया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण अनिवार्य है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं। संवाद