संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव की मतगणना में हर दल के 54 एजेंट बनाए जाएंगे। जो हर टेबल पर मौजूद रहेंगे। इसको लेकर प्रशासन ने प्रत्याशियों से एजेंट की सूची मांगी है। दो दिन में इन एजेंट को पास जारी किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में मोबाइल आदि पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जिले में लोकसभा चुनाव का मतदान 25 मई को हुआ है। इसके बाद ईवीएम को एचआरपीजी कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में डबल लॉक में बंद करा दिया गया है। ईवीएम की सुरक्षा में पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। चुनाव की मतगणना चार जून को होनी है। तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। मतगणना में सभी प्रत्याशियों के 54-54 एजेंट बनाए जाएंगे। जिले की तीनों विधानसभा के मतगणना में कुल 14-14 टेबल बनाए गए हैं। हर टेबल पर एक एजेंट रहेगा। इसके साथ ही मतपत्रों की गणना में कुल आठ एजेंट बनाए जाएंगे।
एक एजेंट की डयूटी आरओ के पास होगी। आंबेडकर नगर के आलापुर और गोरखपुर जनपद के खजनी विधान सभा के ईवीएम की मतगणना उन्हीं जनपदों में होनी है। उसका भी परिणाम हर चक्र का ऑनलाइन आएगा। एडीएम जय प्रकाश ने बताया कि हर विधान सभा वार 15 एजेंट बनाए जाने है। कुल 45 एजेंट विधान सभा के मतगणना के लिए और आठ एजेंट डाक मत पत्र की गणना के लिए बनाए जाएंगे। एक एजेंट की डयूटी आरओ के पास होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना की तैयारी चल रही है। मतगणना में लगे कर्मियों का पहले बैच का प्रशिक्षण हो चुका है। मतगणना के दिन एचआरपीजी कॉलेज परिसर में मोबाइल व अन्य इलेक्टि्रक डिवाइस पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।