पुलिसकर्मी की पिटाई से एक व्यक्ति घायल
समउर बाजार (कुशीनगर)। थानाक्षेत्र के ग्राम सभा पिपराकनक के बोदा टोला निवासी एक व्यक्ति ने पटहेरवा थाने में तैनात एक सिपाही पर पिटाई कर घायल करने का आरोप लगाया है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित की तरफ से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पिपराकनक निवासी अमीरुल हक ने बताया है कि उसका पट्टीदार से विवाद चल रहा है। अनहोनी की आशंका जताते हुए दो दिन पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। रविवार को इस मामले में एक सिपाही ने थाने लाकर पिटाई की, जिससे वह घायल हो गया। हालत बिगड़ने की सूचना पर परिजन पहुंचे और उसे फाजिलनगर सीएचसी ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। साथ में आए पुलिसकर्मी जिला अस्पताल में घायल के भर्ती होने के बाद छोड़कर चले गए। पीड़ित ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
एसओ पटहेरवा सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विवाद की सूचना पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। वह व्यक्ति पहले से ही बीमार था। तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मारने-पीटने आरोप गलत है।