जंगली पट्टी में ऑब्जर्वेशन प्वाइंट के नजदीक बने दर्शक दीर्घा में प्रतिभागियों से बातचीत करते अं
कुुशीनगर। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और एक्सिओम मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला बुधवार को सेवरही क्षेत्र के जीरो बंधा के समीप रॉकेट प्रक्षेपण स्थल पहुंचे।
उन्होंने युवा वैज्ञानिकों की मेहनत को देखा और उनकी सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। शुभांशु शुक्ला ने कहा कि आज बारिश के कारण भले ही किसी का रॉकेट लांच नहीं हो सका लेकिन इससे मनोबल कम नहीं होना चाहिए। कल आप में से ही किसी का रॉकेट चांद पर पहुंचेगा।
इससे पहले शुभांशु शाम करीब 7 बजे कुशीनगर के सेवरही के प्रक्षेपण स्थल के ऑब्जर्वेशन प्वाइंट के नजदीक बने दर्शक दीर्घा पहुंचे। वहां इन-स्पेस के चेयरमैन पवन गोयनका और निदेशक विनोद कुमार के साथ युवा वैज्ञानिकों से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाया। शुभांशु जब स्टेज पर पहुंचे तो वहां मौजूद सभी युवा वैज्ञानिकों और आम लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।
शुभांशु ने कहा कि कल आप में से कोई ऐसा होगा जो राकेट बनाएगा और वो चांद तक लेकर जाएगा। आप इसमें विश्वास रखते हुए अपनी मेहनत जारी रखिए। शुभांशु शुक्ला ने आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग से अंतरिक्ष को जोड़ते हुए कहा कि यहां हाईवे, टू लेन और फिर एक लेन सड़क से होकर जब आ रहा था तो लगा कहां जा रहे हैं। विकसित शहरों की बजाय सुदूर ग्रामीण इलाके में रॉकेट प्रक्षेपण की गतिविधियों से युवाओं को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। कहा कि ऐसे आयोजन से हम यहां बच्चों को शिक्षा भी दे रहे हैं। गांव के बच्चों की आंखों में ग्लोब की कल्पना करें, जिसने कभी ऐसा कुछ नहीं देखा लेकिन वह अपनी आंखों के सामने आज रॉकेट लॉन्च होते देख रहे हैं।
देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और इन-स्पेस के चेयरमैन पवन गोयनका ने भी युवा वैज्ञानिकों को संबोधित किया और कहा कि ऐसे अद्भुत आयोजन इस क्षेत्र के युवाओं की प्रगति का नया द्वार खोलेंगे।