सड़क पर घायल मिला युवक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
समउर बाजार/रगड़गंज (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव के निकट पोखरे के किनारे एक युवक सड़क पर घायल अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक की पहचान कर सीएचसी तमकुहीराज भेजवाया। वहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पटहेरवा थाने के बिहार खुर्द गांव के बंगला टोला निवासी गोविंद राव (44) बुधवार सुबह घर से रुपये लेकर भैंस खरीदने निकले थे। वह समउर-रगड़गंज मार्ग से सटे बिहार बुजुर्ग जाने वाले मार्ग स्थित एक शिक्षण संस्थान से कुछ दूर पोखरे के पास अचेत अवस्था में मिले। उनका शरीर खून से लथपथ था। गांव के किसी ने उन्हें देखकर शोर मचाया तो वहां काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
सूचना पर पहुंचे समउर पुलिस चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने युवक की पहचान कराई और परिजनों को सूचना देते हुए घायल युवक को तमकुही सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सक ने उनकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में पटहेरवा थाने के एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।