जनपद में अकीदत के साथ मनाई गई बकरीद, अदा की गई नमाज
पडरौना (कुशीनगर)। जनपद में अकीदत के साथ बकरीद मनाई गई। मस्जिदों और घरों में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ नमाज अदा की गई। इस मौके पर मुल्क की तरक्की व खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई। कुर्बानी के इस त्योहार को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहा। लोगों द्वारा बकरों की कुर्बानी दी गई और इसके बाद सगे-संबंधियों को आदर के साथ दावत पर आमंत्रित किया गया।
उल्लेखनीय है कि बकरीद का तीन दिन चलने वाला त्योहार बुधवार से शुरू हो गया। पडरौना नगर के छावनी, कसेरा टोली, नौका टोला सहित अन्य सभी मोहल्लों में बकरीद परंपरागत ढंग से मनाई गई। फर्क सिर्फ इतना रहा कि कोविड महामारी को देखते हुए इस बार भी ईदगाहों में नमाज अदा करने पर मनाही रही। बच्चे, बुजुर्ग और नौजवानों ने अपने घरों अथवा मस्जिदों में कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए बकरीद की नमाज अदा की। इसके बाद एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। घर आकर लोगों ने अपनी मन्नतों के अनुसार बकरों की कुर्बानी दी। इसके बाद एक-दूसरे को दावत देने का दौर शुरू हो गया जो देर शाम तक जारी रहा। इसी तरह पडरौना नगर के आसपास के इलाकों सोहरौना, बंदी छापर, मटिहनिया, हरका, केवल छपरा, बंधूछपरा, खिरकिया समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी बकरीद उत्साहपूर्वक मनाई गई।
कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार मस्जिदों और घरों में बकरीद की नमाज अदा की और मुल्क की तरक्की तथा अमन-चैन की दुआ मांगी। कुर्बानी के बाद गरीबों में सदका और खैरात के नाम पर रुपये एवं अन्नदान किया गया। इसके बाद लोगों ने बकरों की कुर्बानी दी तथा अपने सगे-संबंधियों को दावतें दीं। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के बतरौली बाजार, कल्याण छापर, फागूपुर, विशुनपुरा, गंगौली, पिपरहिया, सखवनिया, धरनीछापर, खान टोला, बढ़वलिया, अमवा, परसौनी, सिकटा, घोरघटिया, सेमरा हर्दो, पिपरा जटामपुर, खुशीपट्टी, प्रधानपट्टी, पड़री, बदलपट्टी, भगड़ा पिपरासी सहित कई गांवों में यह त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा और आसपास के क्षेत्रों में बकरीद परंपरागत तरीके से मनाई गई। तयशुदा समय पर नमाज अदा की गई। मेहदिया, तिवारीपट्टी, पकड़िहार, पटखौली, पिपरा मुस्तकील अगरवा, दाहूगंज, भुलिया आदि गांवों के काफी संख्या में नमाजियों ने नमाज पढ़ी। रजा जामा मस्जिद तुलसीनगर में कारी जिकरुल्लाह ने तो जामा मस्जिद पुरानी बाजार में मौलाना इकबाल अहमद अमजदी ने बकरीद की नमाज अदा कराई। इसी तरह अवदान टोला, दोमाठ, मेहदिया, कत्तौरा, सिराजनगर, डफाली टोला, विशुनपुरा, भटवलिया सहित अन्य गांवों में भी बकरीद परंपरागत तरीके से मनाई गई। सेवरही थाने के एसओ एमके चतुर्वेदी व पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार मिश्र सहित पुलिस के जवान मुश्तैद रहे। इस मौके पर पूर्व विधायक नंदकिशोर मिश्र, पूर्व विधायक कासिम अली, चेयरमैन श्यामसुंदर विश्वकर्मा, पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल, सपा नेता मधुरश्याम राय, शाकिर अली, सफदर हुसेन, जाकिर हुसैन, मुश्ताक अहमद, रेयाज हाशमी, फैयाज अहमद, इमरान अजमेरी, जियाउल हक, अशरफ अली ने एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा और इसके आस-पास के गांवों में भी बकरीद शांतिपूर्ण ढंग से मनाई गई। नौका टोला, मल्लूडीह, हतवा, दीनापट्टी, भरौली, मथौली, पिपरहिया, पतया, मिश्रौली सहित अनेक गांवों में बकरीद उल्लास के साथ मनाई गई। नमाज के दौरान लोगों ने मुल्क की सलामती के लिए दुआ मांगी तथा एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
नगर के जामा मस्जिद में नमाज अदा की गई
हाटा। बकरीद के अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में कोविड गाइडलाइन के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से नमाजियों ने नमाज अदा की। पचास से कम की संख्या में नमाजी अपने सहूलियत के अनुसार बुधवार को निर्धारित समय पर मस्जिदों में पहुंचे और नमाज अदा कर मुल्क व समाज की सलामती के लिए दुआ मांगी। नगर के जामा मस्जिद में मुफ्ती कलीमुद्दीन, मदनी मस्जिद में मुफ्ती साजिद, उस्मानिया में मुबारक अली, रहमतनगर मस्जिद में मौलाना हाशिम ने नमाज अदा कराई। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोविड गाइडलाइंस के अनुसार लोगों ने शांतिपूर्वक नमाज अदा किया। खालिद खां, राशिद खां, दानिश खां, डॉ. बबलू, रईस आलम, हामिद मंसूरी, सैफुद्दीन आलम मौजूद रहे।कोतवाल जयप्रकाश पाठक के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी ने भी शांति व्यवस्था का जायजा लिया।