पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, महिला गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मथौली बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर स्थित लोहेपार पेट्रोलपंप के सामने एक पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक चला रहे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी मौसी गंभीर रूप से घायल हो गई।
लोहेपार गांव के घिवही टोला निवासी राजेश सिंह (32) अपनी मौसी लीलावती (40) पत्नी मुनीब के साथ मथौली बाजार की तरफ आ रहे थे। दिन के लगभग 11 बजे लोहेपार स्थित पेट्रोलपंप के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लीलावती गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें मथौली बाजार सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत नियंत्रण से बाहर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर कप्तानगंज थाने के एसओ कपिलदेव चौधरी और हलका दरोगा धर्मदेव चौधरी पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ ने बताया कि हाटा नगर के कप्तानगंज मोड़ पर पिकअप को कुछ युवकों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा है। चालक और वाहन को थाने लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राजेश अभी मकर संक्रांति के बाद ही दुबई से घर आया था। उसकी मां का रविवार को सुकरौली के निकट तितिला स्थित एक अस्पताल में पेट संबंधी ऑपरेशन हुआ था, उन्हें देखने के लिए राजेश की मौसी आई थीं। सोमवार को राजेश उन्हें बरवाकला उनके घर छोड़ने जा रहा था।