एटीएम में 500 रुपये भरने पर निकलने लगे दो हजार के नोट
- बैंक ने थाने में की शिकायत, दो दिनों में निकल गए लगभग 10 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
सेवरही। कस्बे में संचालित बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले की बैंक ऑफ इंडिया की भैसहवा शाखा के नीचे लगी एक एटीएम से पिछले सप्ताह 500 की रकम निकालने पर दो हजार रुपये निकल रहे थे। दो दिनों में लगभग 10 लाख रुपये निकल गए। इसकी जानकारी होने पर रविवार की शाम को बैंक की तरफ से सेवरही थाने में शिकायत की गई।
सेवरही थाने के एसओ उमेश कुमार ने बताया कि पिछले दिनों सेवरही कस्बे के हरिकृष्ण मार्केट में संचालित बिहार के भैसहवा शाखा कार्यालय के नीचे लगे एटीएम से 500 की जगह 2000 की भुगतान होने लगी। लोगों ने 13 तारीख से 15 तारीख के बीच 10 लाख रुपये के करीब रकम निकाल लिया। मजे की बात यह थी कि ग्राहक के खाते से 500 की निकासी पर डेबिट 500 ही होता था। लेकिन उन्हें उसके बदले 2000 अर्थात चार गुना राशि मिल रहा था। जब इसकी जानकारी बैंककर्मियों को हुई है तो उन्होंने आनन फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी है। शाखा प्रबंधक जगदीश प्रसाद की माने तो तकनीकी वजह से ऐसा हुआ है जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। कुछ लोग निकाले गए रुपये वापस भी कर रहे है, जबकि कुछ लोग अब भी लापता हैं। इस संबंध में सेवरही के एसओ उमेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुछ लोगों ने शाखा कार्यालय पहुंचकर रुपये जमा भी कर दी है। लगभग दो लाख रुपये जमा हुई है।