मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में लापता शख्स का मिला शव
खड्डा (कुशीनगर)। क्षेत्र के सोहरौना गांव के पास रविवार को मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोहरौना गांव के निवासी 40 वर्षीय राम दिनेश प्रजापति शनिवार से ही लापता थे। परिजनों को रविवार के दिन गांव से ही सटे मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी पर राम दिनेश का कपड़ा मिला, लेकिन उनका पता नहीं चल रहा था। दोपहर में गांव से कुछ दूर इसी तरह में शव मिला। शव की पहचान होने और सूचना मिलने पर मृत राम दिनेश के घरवाले रोते-बिलखते नहर के किनारे पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। परिजनों और पुलिस को आशंका है कि पैर फिसल जाने के कारण नहर में डूबने से रामदिनेश की मौत हुई होगी। रामदिनेश के परिवार में पत्नी व चार बच्चे हैं। संवाद