अहिरौली बाजार। क्षेत्र के गांव बरडीहा निवासी युवक ने अपने सास-ससुर पर पत्नी व चार वर्षीय बेटी को छुपाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय ने वाद दाखिल किया था। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सास व ससुर पर विश्वासघात सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव बरडीहा निवासी रामसुवन सिंह ने वाद दाखिल किया कि बैरिया धनहा निवासी रामदवन सिंह की पुत्री अंगीरा के साथ 25 नवंबर 2021 में शादी हुई थी। ससुर को मेरी पत्नी के अलावा और कोई संतान नहीं है। शादी के बाद से ही पत्नी के साथ उसके घर रहने लगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विदेश से कमाकर 12 लाख रुपये ससुर के खाते में भेज दिया। जब रुपये की मांग की तो ससुर रामदवन सिंह ने पत्नी अंगीरा व चार वर्ष की बेटी को 30 सितंबर 2025 को कही बाहर भेज दिए और थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दिए। कुछ दिनों बाद पता चला कि पत्नी व बेटी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ भेज दिया गया है। इस संबंध में अहिरौली बाजार थानाध्यक्ष प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी रामदवन सिंह व उनकी पत्नी के विरुद्ध विश्वासघात सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।