पकड़ियार बाजार। सिंगहा-रामकोला मार्ग पर नौरंगिया गांव की निवासी महिला की ट्राॅले से दबकर मौत हो गई। इस मामले में चालक के खिलाफ जान-बूझकर कुचलने का आरोप लगा जेठानी ने तहरीर दी। पुलिस ने नामजद ट्राॅला चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। नौरंगिया के बाजार टोला निवासी मंजू देवी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी देवरानी शोभा देवी (35) बुधवार को स्कूटी से अपने दोनों बच्चों को लेकर दवा कराने रामकोला जा रही थी। उनके गांव का ही अंगद रामकोला से ट्राला लेकर आ रहा था। सिंगहा महाविद्यालय के समीप गलत दिशा में आकर स्कूटी में टक्कर मारकर रोड पर गिरा दिया। पहचाने जाने के बाद चालक ने पीछे मुड़कर गाड़ी बैक कर उनके सिर को चक्के से कुचल दिया।
इससे घटनास्थल पर ही देवरानी की मौत हो गई। साथ में स्कूटी पर सवार दोनों बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने जेठानी के तहरीर पर नामजद चालक अंगद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या करने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में एसएचओ रामकोला आनंद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है, फरार चालक को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।