पडरौना। सूर्योपासना का सबसे बड़ा त्योहार सूर्यषष्ठी रविवार को जिले भर में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। महिलाओं ने सूर्य देव और छठ माता की कृपा के लिए निर्जला उपवास किया। वे पूजन सामग्रियों से भरा डाला लेकर गीत गाते हुए छठघाटों पर गईं, जहां विधिवत पूजा अर्चना के बाद डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना कीं। छठघाटों पर मेला लगा रहा।
पडरौना नगर के छावनी स्थित शिवसागर पोखरा, नौका टोला के सुराजी पोखरा, बावली और रामधाम पोखरा सहित सभी तालाबों के छठघाटों पर रविवार को दोपहर बाद से ही श्रद्धालुआें की भीड़ जुट गई। महिलाएं पूजन सामग्रियों से भरा डाला लेकर गीत गाते हुए टोलियों में छठ घाटों पर गईं और छठ माता व सूर्यदेव का ध्यान लगाकर बैठ गईं। भगवान सूर्य के अस्ताचल होते ही महिलाओं ने अर्घ्य देकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। बच्चे, बूढे़ और नौजवान हर उम्र के लोग छठ घाटों पर पहुंचे थे। सभी छठघाटों पर मेला जैसा नजारा रहा। आयोजन समिति के सदस्यों की ओर से छठघाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। बसपा नेता जावेद इकबाल के साथ राजेश गौतम, धनंजय पांडेय, अभय मिश्रा, कृष्णा कुशवाहा, सफीक अहमद, सोनू, हरिलाल राजभर, अनिल सिंह, संजय गौतम छठघाटों पर गए और लोगों को छठपूजा की शुभकामनाएं दीं। सदर विधायक स्वामी प्रसाद मौर्य की पुत्री संघमित्रा सहित परिवार के अन्य लोगों ने छठघाटों पर जाकर श्रद्धालुआें का अभिवादन किया और उन्हें छठपूजा की शुभकामनाएं दीं। नगरपालिका अध्यक्ष शिवकुमारी देवी ने भी छावनी, नौका टोला, रामधाम पोखरा सहित सभी छठघाटों पर पहुंचकर महिलाआें को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। आतिशबाजी और भक्तिगीतों से छठघाट गूंजते रहे। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महिलाएं पुन: गीत गाते हुए अपने अपने घर लौट गईं। देर शाम बहुत से श्रद्धालुओं के घरों में कोसी भराई की रस्म निभाई गई।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को सेवरही क्षेत्र में भी सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ बड़ी श्रद्धा व आस्था के साथ धूमधाम से मनाया गया। तमकुहीरोड के शिवाघाट, दमकल घाट, बाबा बिंदेश्वरीनाथ मंदिर, बाबा पंचेश्वरनाथ मंदिर सहित राजपुर, गोलाघाट, पिपराघाट, मलाहीटोला, संतपट्टी, दौनहा, बनरहा, तिवारीपट्टी, अहिरौलीदान आदि गांवों के छठ घाटों पर भी महिलाओं ने पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा अस्तांचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए पेयजल, पथप्रकाश के साथ अन्य जरूरी इंतजाम किए गए थे। क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार लल्लू ने भी अपने परिवार के लोगों के साथ शिवाघाट पहुंचकर लोगों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं।