कुशीनगर। तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस प्रशासन सख्त है। मुख्य बैरियरों के अलावा एसपी के आदेश पर 36 अस्थायी बैरियर बनाए गए हैं। 24 घंटे यहां पुलिस तैनात कर दी गई है और गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
रात में सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा, पुलिस का फोकस सिर्फ और सिर्फ पशु तस्करों पर है। बैरियरों की गतिविधियों की मॉनिटरिंग और समय-समय पर जांच एसपी खुद करेंगे। लापरवाही सामने आने पर सर्किल के सीओ की जवाबदेही भी तय होगी।
एसटीएफ की जांच में कुशीनगर में तैनात दो इंस्पेक्टर और हाईवे के चौकी पर तैनात दरोगा और सिपाहियों की पशु तस्करों से सांठगांठ सामने आया था। इसके बाद पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई करते हुए गैर जनपद स्थांतरण कर दिया गया और विभागीय कार्यालय से अटैच किया गया है। एसपी संतोष मिश्रा की लापरवाही सामने आने के बाद उनको भी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
नए एसपी केशव कुमार जिले की भौगोलिक स्थिति को जानने के बाद पशु और शराब तस्करों पर नकेल कसने के लिए खाका तैयार कर लिया है। बार्डर को जोड़ने वाले थानों के अलावा अस्थायी 36 बैरियर चिन्हित किए गए हैं। पुलिस के टारगेट पर पशु तस्करी में इस्तेमाल होने वाले पिकअप और मालवाहन हैं। 24 घंटे इन बैरियरों पर पुलिस का पहरा रहेगा और रात को सुरक्षा बढ़ा दिया जाएगा। इसके अलावा मोबाइल पुलिस भी इस क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगी।
सूत्रों की मानें तो पुलिस की रिकार्ड में आए पशु और शराब तस्कर युवाओं को रुपये का लालच देकर इस धंधे में धकेल रहे हैं और इनकी बैकिंग कर रहे हैं। जिले के जवाहिर यादव, रियाज उर्फ ननकी, अंबरेश यादव समेत कई ऐसे नाम इस धंधे में शामिल हैं जो बेखौफ पशु तस्करी के खेल को अंजाम देते आ रहे हैं। पुलिस पुराने पशु तस्करों पर हुई कार्रवाई या कार्रवाई के दौरान इनको दिए गए राहत की जानकारी लेने के बाद इनके खिलाफ शिकंजा कसने की योजना बनाई है।
जिले से होने वाली पशु या शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए बिहार को जोड़ने वाले रास्ते पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पशु तस्करी में इस्तेमाल होने वाले पिकअप और मालवाहक वाहनों पर खास कर पुलिस की नजर रहेगी। अस्थायी बैरियरों पर 24 घंटे पुलिस तैनात की गई है।
-केशव कुमार, एसपी कुशीनगर