कसया। नगर के पुराने फाजिलनगर मार्ग पर अब राहगीरों के लिए दोनों तरफ इंटरलॉकिंग पाथवे बनाया जा रहा है। नगरपालिका की ओर से वार्ड नंबर 24 सुभाष नगर और वार्ड नंबर चार अंबेडकर नगर में कराए जा रहे इस पाथवे निर्माण पर करीब 55 लाख रुपये खर्च होंगे। पाथवे बन जाने के बाद दोनों वार्डों के करीब दो हजार लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
पुराने फाजिलनगर मार्ग पर पाथवे की सुविधा नहीं होने के कारण पैदल राहगीरों को सड़क पर ही चलना पड़ता था। व्यस्त मार्ग होने से उन्हें परेशानी होती थी। कई बार पैदल राहगीरों और वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर जाम की स्थिति भी बन जाती थी। अब सड़क के दोनों तरफ इंटरलॉकिंग पाथवे तैयार होने से राहगीरों के लिए अलग स्थान उपलब्ध होगा। दोनों तरफ पाथवे बनने से सड़क पर पैदल चलने वालों का दबाव कम होगा। इससे वाहनों के आवागमन के लिए सड़क का हिस्सा अधिक व्यवस्थित रहेगा और जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
पाथवे निर्माण पूरा होने के बाद सुभाष नगर और अंबेडकर नगर के लोगों के अलावा इस मार्ग से गुजरने वाले अन्य राहगीरों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस संबंध में ईओ अंकिता शुक्ला ने बताया कि पुरानी फाजिलनगर मार्ग के दोनों तरफ नगरपालिका की ओर से पाथवे निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस मार्ग पर पाथवे की जरूरत महसूस कर रहे थे। दोनों तरफ पाथवे बनने से पैदल आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक होने के साथ ही मार्ग की स्थिति में भी सुधार होगा।