पडरौना। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम की अध्यक्षता में लखपति महिला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। इसमें डीएम ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर अधिकारियों को जोर देने के निर्देश दिए।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि जनपद में चिन्हित की गई महिलाओं को आजीविका के विभिन्न आयामों जैसे—कृषि आधारित गतिविधियां, पशुपालन, लघु उद्यम, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण एवं अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जोडें। इसके अलावा प्रत्येक चयनित महिला को उसकी रुचि एवं स्थानीय संसाधनों के अनुरूप प्रशिक्षण दिलाएं, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से समय पर ऋण उपलब्ध कराने, आवश्यक वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन एवं विपणन की सुविधाएं देने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव, डीडीओ अरूण कुमार पांडेय, जिला मिशन प्रबंधक असीम मल्ल आदि मौजूद रहे।