खड्डा (कुशीनगर)। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 10वीं की छात्रा से सोमवार सुबह स्कूल जाते समय एक शोहदे ने खेड़खानी की और विरोध करने पर दुपट्टा फाड़ दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने खड्डा थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के नौका टोला निवासी हरेंद्र पटेल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया हैै।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा खड्डा थाना क्षेत्र के एक स्कूल में 10वीं में पढ़ती है। तहरीर के अनुसार, नौका टोला निवासी हरेंद्र पटेल अक्सर स्कूल जाते समय उसपर छींटाकशी करता था। सोमवार को छात्रा साइकिल से स्कूल जा रही थी। रास्ते में धर्मकांटा के पास हरेंद्र ने छात्रा को जबरन रोक लिया और छेड़खानी करने लगा। छात्रा ने विरोध किया तो उसके साथ हाथापाई करने लगा और दुपट्टा भी फाड़ दिया। छात्रा के शोर करने पर आस-पास के लोग पहुंच गए और 112 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि कई बार मना करने के बाद भी हरेंद्र नहीं माना तो उसने रास्ता बदल दिया लेकिन उसने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा। सोमवार की घटना के बाद उसने मां को सारी बात बताई। उसके बाद छात्रा की मां की तहरीर पर खड्डा पुलिस ने हरेंद्र के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।