कुशीनगर। अब थानों पर तैनात सिपाही, दरोगा और चौकीदारों की कार्यशैली व गतिविधियों पर थानाध्यक्षों की सीधी नजर रहेगी। इसके साथ ही थाना स्तर पर मिलने वाली छोटी-बड़ी शिकायतों और पुलिसकर्मियों के व्यवहार की नियमित रिपोर्ट संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) को भेजी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित निगरानी से अनुशासन बनाए रखने के साथ ही शिकायतों का समय रहते निस्तारण किया जा सकेगा। इसी को लेकर सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली, आमजन से व्यवहार और ड्यूटी के प्रति जिम्मेदारी की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, कसया क्षेत्र में हाल में सामने आए सिपाही की दबंगई के मामले ने विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने सभी थानों में निगरानी तंत्र को और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया है।
अब किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ मिलने वाली शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। शिकायत की जांच कर उसकी रिपोर्ट संबंधित सीओ को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
एसपी केशव कुमार बताया कि थानाध्यक्ष समय-समय पर सिपाहियों, दरोगाओं और चौकीदारों की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर रिपोर्ट सीओ को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक विभागीय कार्रवाई समय पर की जा सके।