पडरौना। परिवहन विभाग की ओर से नई कवायद की जा रही है। डीएल के बाद अब आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) भी स्मार्ट होगी। इसके लिए आवेदक को 200 रुपये फीस देनी होगी। इसके बाद उन्हें पेपर के बजाय कार्ड के रूप में रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा, जिसमें लगी चिप में वाहन संबंधी पूरा ब्योरा होगा। परिवहन विभाग की तरफ से शुरू होने वाली इस व्यवस्था से खराब होने या फटने का झंझट तो दूर होने के साथ ही फर्जीवाड़े की शिकायतें भी रुकेंगी। विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने बताया कि स्मार्ट आरसी दो भागों में होगी। पहले भाग में वाहन एवं वाहन मालिक का ब्योरा होगा। दूसरा भाग कार्ड रीडर मशीन से पढ़ा जाने वाला भाग होगा। इसमें सारा ब्योरा दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट आरसी से वाहन मालिकों को खासी सहूलियत मिलेगी। वर्तमान में जो आरसी है उसे कॉपी किया जा सकता है लेकिन स्मार्ट आरसी कार्ड सुरक्षा की दृष्टि से अभेद्य होगी।