तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर सप्ताह में सात दिन नियमित गोरखपुर से पाटलीपुत्र और पाटलीपुत्र से गोरखपुर तक चलने वाली गोरखपुर-पाटलीपुत्र ट्रेन अब सप्ताह में सिर्फ तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को चलेगी। चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को निरस्त रहेगी। यात्रियों का कहना है कि इससे ठंड में परेशानी बढ़ेगी और यात्रा प्रभावित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से एक दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 के बीच पड़ने वाले संभावित कोहरे व परिचालन में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए गोरखपुर से होकर जाने वाली लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल, लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल, काठगोदाम-जम्मूतवी, प्रयागराज-मुजफ्फरपुर सहित कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है।
वहीं दिल्ली-काठगोदाम, ग्वालियर-बरौनी, जलपाईगुड़ी-आनंद विहार टर्मिनल, हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनल सहित कई एक्सप्रेस ट्रेनों का फेरा कम कर दिया गया है। इसमें कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग की गोरखपुर-पाटलीपुत्र ट्रेन भी शामिल है। इसके चलते पहली दिसंबर से 15 फरवरी के बीच थावे-कप्तानगंज मार्ग पर नियमित चलने वाली 15079/ 15080 गोरखपुर-पाटलीपुत्र ट्रेन सप्ताह में मात्र तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को ही चलाई जाएगी।
क्षेत्र के राकेश मद्धेशिया, मनीष रौनियार, विकास वर्मा, रवि विश्वकर्मा आदि का कहना है कि बिहार की राजधानी तक आने जाने के लिए यह ट्रेन काफी मुफीद मानी जाती है। ठंड के मौसम में इसका फेरा कम होने से यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ेंगी।