रामकोला (कुशीनगर)। गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में दर्ज 71 लाख रुपये की स्पाइस मनी धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे कुस्महा निवासी दो सगे भाइयों के घर बृहस्पतिवार को नोएडा साइबर क्राइम टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचकर कोर्ट के आदेश पर नोटिस चस्पा किया। मामला रामकोला थाना क्षेत्र के कुस्महा गांव के भगौनापुर टोला का है, जहां के निवासी सत्यवंत कुशवाहा और उनके भाई यशवंत कुशवाहा के खिलाफ वर्ष 2024 में गौतमबुद्ध नगर साइबर थाने में स्पाइस मनी लिमिटेड से करीब 71 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इससे पहले भी कई बार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे चुकी है लेकिन वे अब तक फरार हैं।
साइबर क्राइम गौतमबुद्ध नगर की टीम बृहस्पतिवार को रामकोला थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ आरोपियों के घर पहुंचकर उनकी तलाश की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की लेकिन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दोनों के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। साइबर क्राइम गौतमबुद्ध नगर के निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं, तो भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 84 के तहत उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। रामकोला थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना नोएडा साइबर क्राइम पुलिस कर रही है और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की गई है।