चुनाव ड्यूटी में वाहन नहीं भेजने वालों को भेजा जाएगा नोटिस
अधिग्रहण पत्र मिलने पर भी करीब 200 वाहन स्वामियों ने नहीं भेजे वाहन
पडरौना। विधानसभा चुनाव में अधिग्रहीत होने के बाद भी वाहन नहीं भेजने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे वाहन स्वामियों को विभाग की तरफ से नोटिस भेजकर एक सप्ताह के भीतर जवाब तलब किया जाएगा। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विधानसभा चुनाव ड्यूटी में लगे मतदान कार्मिकों को बूथ पर भेजने के लिए 678 स्कूल बस, 524 स्कूल वैन, 240 रूट बस, 734 मैक्सी कैब, 1075 ट्रक, 4,185 बोलेरो, 204 स्कार्पियो समेत कुल 7,642 वाहन अधिग्रहीत करने के लिए परिवहन विभाग ने नोटिस भेजा था। डीएम के निर्देश के बावजूद करीब 200 वाहन स्वामियों ने चुनाव ड्यूटी में वाहन नहीं भेजे। विभाग की तरफ से भेजे गए नोटिस का वाहन स्वामियों एक सप्ताह के भीतर अपना पक्ष रखना होगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने कहा कि चुनाव ड्यूटी के लिए नोटिस देने के बावजूद वाहन नहीं भेजने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वाहन स्वामियों को नोटिस मिलने के एक सप्ताह के भीतर अपना पक्ष रखना होगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित वाहन स्वामी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गाजीपुर भेजे जाएंगे जिले से 50 वाहन
पडरौना। गाजीपुर जिले में सातवें चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान कार्मिकों के लिए 50 वाहन जिले से भेजे जाएंगे। विभाग की तरफ से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
परिवहन विभाग के आरआई आरडी प्रसाद वर्मा ने बताया कि गाजीपुर जिला प्रशासन की तरफ से विधानसभा चुनाव के लिए 50 बसों की मांग की गई है। इन वाहनों को अधिग्रहीत कर शनिवार शाम तक गाजीपुर भेजना है। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। कई बस अधिग्रहीत भी कर लिए गए हैं। शेष बसों का अधिग्रहण हो रहा है।