लॉकडाउन: बाजार पूरी तरह बंद, सड़कों पर ठप रहा आवागमन
पडरौना। शुक्रवार रात से लागू लॉकडाउन का जिले में सुबह से ही असर रहा। पडरौना नगर समेत सभी प्रमुख कस्बों की दुकानें बंद रहीं। ग्रामीण क्षेत्र के बाजार भी बंद रहे। सड़कों पर आवागमन भी बेहद कम रहा। पुलिस टीमें प्रमुख चौराहों पर निगरानी करती रहीं और बेवजह आने-जाने पर रोक लगाई। सवारी वाहनों के न चलने के कारण यात्रियों को पैदल ही गंतव्य को जाना पड़ा। इस बार के लॉकडाउन में 25 मार्च को लगाए गए पहले लॉकडाउन की भांति सड़कों पर काफी हद तक सन्नाटा छाया रहा।
मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन की तरफ से शुक्रवार की रात दस बजे से सोमवार को सुबह पांच बजे तक के लिए लॉकडाउन घोषित किया गया है। इस दरम्यान केवल अत्यावश्यक कार्यों से आने-जाने पर ही छूट है। मेडिकल स्टोर सहित अन्य जरुरी प्रतिष्ठान ही खोले जाने है। शासन के इस आदेश का असर शुक्रवार की रात दस बजे से ही शुरू हो गया था। पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी के जवान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के चौराहों, बाजारों और सड़कों पर चेकिंग करने के साथ-साथ लोगों को बेवजह आने-जाने से रोकते रहे। रात में पुलिस प्रशासन ने पैदल मार्च भी किया था।
शनिवार को भी सुबह से ही इन जवानों का पूरा ध्यान इस बात पर रहा कि शहर अथवा ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं दुकानें न खुलें, भीड़ न लगे। टेंपो, टैक्सी, रिक्शा आदि न चलें। ठेले-खोमचे पर फल और सब्जियां बेंचने वाले दुकानदार भी नहीं दिखे। रोडवेज या अन्य वाहनों से पडरौना शहर में आए यात्रियों को घंटों वाहनों का इंतजार करना पड़ा। कोई वाहन न मिलने पर पैदल ही अपना सामान लिए गंतव्य के लिए चल दिए। पडरौना नगर के छावनी, कठकुइयां मोड़, सुभाष चौक, तिलक चौक, अंबे चौक, मेन बाजार रोड सहित सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी के जवान तैनात थे।
इस बार का लॉकडाउन 25 मार्च के लॉकडाउन से काफी मिलता जुलता था। पुलिस के जवान प्रमुख स्थानों पर तैनात थे और सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ था। शनिवार को कहीं-कहीं इक्का-दुक्का लोग ही पैदल अथवा निजी वाहनों से आते-जाते दिख रहे थे।
कुबेरस्थान एवं कठकुइयां प्रतिनिधि के अनुसार इन प्रमुख बाजारों में भी लॉकडाउन का असर दिखा। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं तथा घरों से बाहर निकलने से परहेज किया। सड़कों पर वाहनों का संचालन न होने के चलते सन्नाटा छाया रहा। यहां के बाजार भी बंद रहे।
बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सन्नाटा
तमकुहीरोड। शासन की ओर से लागू किए गए 55 घंटे के लॉकडाउन के चलते शनिवार को सेवरही कस्बा सहित दाहूगंज, भुलिया बाजार, बभनौली, पिपराघाट, अहिरौलीदान, गौराहा बाजार, घघवा जगदीश, भावपुर, दोमाठ, बेदूपार, सिसवा नाहर, दनियाड़ी, तिवारीपट्टी सहित सभी बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने लॉकडाउन का पालन किया। इस दौरान चौकी इंचार्ज पुरुषोत्तम राव, रामेंद्र यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी गश्त करते रहे।
नहीं खुलीं दुकानें, सड़कें रहीं सूनी
रामकोला। 55 घंटे के लिए लगाए गए लॉकडाउन के पालन में रामकोला कस्बे में दवा की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद रहीं। वाहनों का संचालन भी बंद रहा। निजी वाहनों से इक्का-दुक्का लोग आते-जाते दिखे। बाजार भी बंद रहा। रामकोला पुलिस सड़क पर आने जाने वाले वाहनों को रोककर चालकों से पूछताछ करती रही। इसके अलावा लोगों से घरों में रहने की अपील करती रही। एसओ केपी सिंह ने कहा कि लॉकडाउन का संपूर्ण पालन कराया जा रहा है। आने जाने वाले वाहन की जांच करके ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है।