कोरोना के चलते नहीं लगेगा बांसी मेला, श्रद्धालु केवल डुबकी लगाएंगे
पडरौना। विशुनपुरा ब्लॉक के बांसी नदी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला मेला इस बार नहीं लगेगा। हालांकि श्रद्धालु बांसी घाट जाकर डुबकी लगा सकते हैं। इसकी तैयारी को लेकर एसडीएम सदर और पडरौना कोतवाली पुलिस ने बुधवार की शाम को नदी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाट की साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था को समय से पहले दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
एसडीएम सदर रामकेश यादव ने बताया कि घाट पर सफाई, विद्युत, सुरक्षा, आपूर्ति, पेयजल, महिलाओं के स्नान के लिए विशेष व्यवस्था का निरीक्षण किया गया है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार मेला का आयोजन नहीं होगा। आस्था के मुताबिक श्रद्धालु बांसी नदी में स्नान कर सकेंगे। यहां की तैयारियों को पूरा करने के लिए संबंधित विभागों से जुडे़ अधिकारियों और कर्मचारी जिम्मेदारी दे दी गई। यहां पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पूरे घाट स्थल की साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई का कार्य हो रहा है। श्रद्धालुओं को नदी में स्नान करने के लिए रास्ता बनवाया जा रहा है। ग्राम प्रधान जनार्दन यादव ने बताया कि बांसी घाट पर बिजली व्यवस्था से लेकर सफाई कराई जा रही है। सुलभ शौचालय आदि की व्यवस्था की जा रही है।
इस दौरान पडरौना कोतवाल अनुज कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजन जायसवाल, लक्ष्मण साहनी, बांसी चौकी इंचार्ज रविशंकर सिंह, कांस्टेबल अनिल सिंह, शंभू राय, सनूज कुमार, पूर्व प्रधान भीम सिंह आदि मौजूद रहे।