निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया।
- फोटो : अमर उजाला
सेवरही/तमकुहीरोड। नगर पंचायत में व्याप्त अनियमितता की जांच की मांग को लेकर नौ दिन से चल रहा धरना मंगलवार को समाप्त हो गया। मौके पर पहुंचे एडीएम ने धरने पर बैठे लोगों को 15 दिन के अंदर निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया।
लोगों ने चेतावनी दी कि एक पखवारे में जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे। सेवरही नगर पंचायत में सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग, सोलर लाइट, बिजली के खंभे लगाने, शिवाघाट पर कराये जा रहे निर्माण आदि कार्यों में अनियमितता बरतने के आरोपों की जांच की मांग को लेकर श्रीराम जानकी मंदिर पर चार अप्रैल से पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल की अगुवाई में धरना शुरू किया था।
मंगलवार को एडीएम रामकेवल दूसरी बार पूर्व विधायक डॉ. पीके राय के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। उन्होंने आंदोलनकारियों को आरोपों की 15 दिन के अंदर जांच कराकर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को संस्तुत करने का आश्वासन दिया। एडीएम के आश्वासन पर लोगों ने एडीएम को मांगों से संबंधित ज्ञापन देकर धरना समाप्त करने की घोषणा की।
धरने में अवधेश राय, पहवारी मिश्र, बच्चा राय, श्रीकिशुन पटेल, राजेश यादव, अमरनाथ गुप्ता, रकीब आलम, हसमुल्लाह और अभय सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।