नाराज परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार किया
- फोटो : अमर उजाला
पटहेरवा। लबनिया स्थित एक इंटर कॉलेज में चल रही रही मदरसा बोर्ड की परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को अरबी-फारसी के परीक्षार्थियों ने कॉलेज के कुछ शिक्षकों पर रुपये मांगने और अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया।
साथ ही परीक्षा का बहिष्कार कर कॉलेज के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसओ पटहेरवा को प्रदर्शन कर रहे नाराज परीक्षार्थियों ने एसडीएम को संबोधित पत्र देकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
लवनियां स्थित एक इंटरमीडिएट कॉलेज को मरदसा शिक्षा बोर्ड की तरफ से परीक्षा केंद्र बनाया गया है। मंगलवार को द्वितीय पाली में अरबी-फारसी की परीक्षा के दौरान करीब ढाई बजे काफी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा का बहिष्कार कर बाहर निकल कर प्रदर्शन करने लगे। नाराज परीक्षार्थियों का आरोप था कि केंद्र पर उनसे प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए 500 से लेकर 1000 रुपये तक की मांग की जा रही है।
विरोध करने पर परीक्षा से वंचित किए जाने की धमकी दी जा रही है। उनका यह भी आरोप है कि परीक्षा के दौरान बैठने के लिए व्यवस्था भी ठीक नहीं है।
उक्त मामलों को लेकर नाराज परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार किया और एसडीएम को संबोधित ज्ञापन दिया। एसओ जितेंद्र यादव का कहना था कि नाराज परीक्षार्थी पुराने सिस्टम के तहत परीक्षा कराए जाने की मांग भी कर रहे थे।