आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी हो रही मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनवाने में राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। गलत नाम कटवाने और सही और नए नाम जुड़वाने में कार्यकर्ता बीएलओ की मदद करें तो यह कार्य आसान हो जाएगा।
ये बातें कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए निर्वाचक आयोग की तरफ से आए उपसचिव अनूप कुमार ने कहीं। उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास है कि मतदान के दौरान वोटर लिस्ट को लेकर कोई शिकायत न रहे।
डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी शम्भु कुमार ने बताया कि जिले में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जो 17 नवम्बर तक बूथवार भ्रमण कर निर्वाचक नामावलियों के साथ चुनाव संबंधी अन्य कार्यों की समीक्षा करेगी। डीएम ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान 78 हजार नए मतदाता जोड़े गए हैं। इसमें 42 हजार महिलाएं और 36 हजार पुरूष हैं। इसके अलावा 30 हजार 700 गलत नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
बैठक में एडीएम/ उप जिला निर्वाचक अधिकारी कृष्ण लाल तिवारी, एसडीएम संजीव रंजन, विपिन कुमार सिंह, रामआसरे सिंह, गणेश प्रसाद के अलावा सभी तहसीलदार एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बूथों का किया निरीक्षण
पडरौना। निर्वाचन आयोग की तरफ से आए उपसचिव अनूप कुमार, अनुभाग अधिकारी मनीष कुमार और एएसओ शिवम अरोड़ा ने नगर के जूनियर हाईस्कूल और छावनी सहित कई जगहों पर बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम कृष्ण लाल तिवारी, एसडीएम संजीव रंजन, लेखपाल योगेंद्र गुप्ता सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
खुले रहेंगे बूथ वाले स्कूल
पडरौना। जिले में 12 व 13 नवम्बर को चलाए जा रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए बूथ वाले सभी परिषदीय स्कूल सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे। बीएसए पन्नाराम गुप्ता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय पर बीएलओ व अन्य पदाभिहित अधिकारी मौजूद रहकर निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूर्ण करेंगे।