पडरौना। जिले के दस केंद्रों पर हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में किसी परीक्षार्थी को फिजिक्स तो किसी को बायोलॉजी के सवाल कठिन लगे। परीक्षार्थियों ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले इस बार पेपर कठिन आया है।
रविवार को हुई नीट प्रवेश परीक्षा में पंजीकृत 4884 में से 4799 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 85 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। परीक्षा से पहले केंद्र पर परीक्षार्थियों की माला, कलावा, कान के टॉप्स और बेल्ट उतरवा दिए गए।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू करा दिया गया था। टेस्टिंग एजेंसी ने परीक्षार्थियों को ड्रेस कोड से लेकर कई दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए थे। इसके बावजूद कई परीक्षार्थी गले में माला, हाथ में कलावा, कान के टॉप्स, बेल्ट और जूते पहनकर पहुंच गए, जिन्हें परीक्षा से पहले जांच के दौरान उतरवाया गया।
सिर्फ पानी की बोतल लेकर जाने की अनुमति दी गई। केंद्र पर ही परीक्षार्थियों को पेन दिया गया। परीक्षार्थियों ने बताया कि बायोलॉजी और फिजिक्स के सवाल कठिन थे। परीक्षा केंद्र के नोडल अधिकारी केंद्रीय विद्यालय गांगरानी के प्राचार्य उमेश कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।