फाजिलनगर। कस्बा स्थित पावानगर महावीर इंटर काॅलेज के राजमालती स्टेडियम में आयोजित 20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को पहला मैच खेला गया। इसमें एनई रेलवे की टीम ने मेजबान आजाद स्पोर्ट्स फाजिलनगर की टीम को 93 रन से हराकर सेमीफाइनल में स्थान बना लिया।
रेलवे के खिलाड़ी निशांत राय को बेहतर गेंदबाजी करने के किए मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाजिलनगर के कप्तान शहीम हसन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेलवे की टीम की शुरुआत काफी धीमी रही। बाद के खिलाड़ियों ने मैच को संभालते हुए निर्धारित 30 ओवर के मैच में नौ गेंद शेष रहते हुए सभी विकेट गंवाकर 243 रनों का स्कोर खड़ा किया।
इसमें कृतज्ञ सिंह ने 58 गेंदों का सामना करते हुए छह छक्के व 10 चौकों की मदद से 93 रन, अन्नू कुमार ने 32 गेंदों का सामना करते हुए तीन छक्के तथा पांच चौके की मदद से 48 रन और प्रवीन ने 26 गेंदों पर पांच छक्के व एक चौके की मदद से 39 रनों का योगदान दिया।
फाजिलनगर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए जमशेद और राजनायक ने तीन-तीन विकेट, हिमांशु यादव ने दो, मिलन यादव व मनीष कुमार ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाजिलनगर की टीम का शुरू से ही प्रदर्शन खराब रहा और उसके चार खिलाड़ी दहाई अंक के पहले ही पवेलियन लौट चुके थे।
23 ओवर के अंतिम गेंद पर सभी विकेट गंवाकर कर 150 रन ही बना सके। जिसमें अमन चौहान ने 47 गेदों पर चार छक्के, चार चौकों की मदद से 56 रन, मनीष कुमार ने 26 गेंदों पर चार छक्के दो चौकी की मदद से 35 रन व हिमांशु यादव ने 13 गेंदों पर दो छक्के, दो चौकों की मदद से 21 रन बनाए, जबकि चार खिलाड़ी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
रेलवे की तरफ से गेंदबाजी करते हुए निशांत राय ने छह ओवर में 26 रन देते हुए पांच विकेट, कप्तान अंकित यादव ने दो और साविद मालिक व कृतज्ञ सिंह ने एक-एक विकेट लिए। 26 रन देकर पांच विकेट लेने वाले रेलवे के खिलाड़ी निशांत को मैन आॅफ द मैच चुना गया।