पडरौना। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अनोखी पहल की है। जनमानस तक प्रभावी पहुंच बनाने के उद्देश्य से सचिव ने भोजपुरी में ऑडियो संदेश जारी किया है। यह संदेश नौ मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रसारित किया जा रहा है।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर संजीव कुमार त्यागी के आदेश पर यह पहल की गई है। सचिव भुवन की ओर से जारी संदेश में लोगों से अपील की गई है कि वे लोक अदालत में पहुंचकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अपने विवादों का निपटारा कराएं और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
यह भी बताया गया है कि लोक अदालत में बैंक ऋण, बीमा, दुर्घटना, पारिवारिक विवाद, आपराधिक मामले, बिजली बिल, चेक बाउंस, धन वसूली सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से किया जा सकता है। साथ ही लोगों से यह भी कहा गया है कि मुकदमेबाजी के बजाय समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कर समाज में सकारात्मक संदेश दें। प्राधिकरण का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का लाभ उठाएं और सरल, त्वरित व सुलभ न्याय की व्यवस्था को मजबूत करें। किसी भी जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर से संपर्क करने की अपील की गई है।